नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- रेनेसां महोत्सव 2026 में यहां मंगलवार को शास्त्रीय और समकालीन नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
लाइट सेंस आर्ट फाउंडेशन की ओर से मिलिंद श्रीवास्तव के कलात्मक निर्देशन में राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय प्रदर्शन कलाओं की निरंतरता, नवाचार और जीवंतता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में चेन्नई के लाइट डिजाइनर मुरुगन कृष्णन को लाइट डिजाइनर अवॉर्ड प्रदान किया गया। उन्होंने दो दशकों से अधिक के अपने करियर में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने तकनीकी कौशल और सौंदर्यबोध की विशेष पहचान बनाई है।
वहीं आज की मुख्य प्रस्तुति संहृति, जिसे नारायण शर्मा ने कोरियोग्राफ किया, सृजन और विनाश के चक्र पर केंद्रित थी। नृत्य, संगीत और दृश्य संरचना के माध्यम से इस प्रस्तुति ने अस्तित्व की चक्रीय प्रकृति को प्रभावी ढंग से उकेरा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित