मुरैना , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के चंबल क्षेत्र में वन रक्षक हरकेश गुर्जर की रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर से कुचलकर की गई हत्या के बाद सक्रिय हुई टास्क फोर्स ने अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीमों ने चंबल नदी के आधा दर्जन से अधिक घाटों के आसपास जमा रेत को नष्ट करते हुए करीब चार करोड़ रुपए मूल्य की लगभग पंद्रह हजार ट्राली रेत मिट्टी में मिला दी।

वन विभाग सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों और डोजरों की मदद से पिछले तीन दिनों में बड़े पैमाने पर भंडारित रेत को खत्म किया गया। इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया में हड़कंप मच गया है और बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियां भूमिगत हो गई हैं।

बताया गया है कि घटना से पहले करीब पांच सौ ट्रैक्टर-ट्रालियां चंबल क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन में लगी हुई थीं। टास्क फोर्स के अध्यक्ष एवं कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने हाल ही में आयोजित बैठक में वन, खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि किसी भी स्थिति में अवैध रेत कारोबार को जारी नहीं रहने दिया जाएगा। बैठक के बाद सभी विभागों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए व्यापक कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित