मुरैना , अप्रैल 05 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में आज अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर रेत माफिया के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलने का प्रयास किया, हालांकि टीम के सदस्य सूझबूझ से बाल-बाल बच निकले।वन विभाग सूत्रों के अनुसार टीम ने अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने का प्रयास किया, तभी उसमें सवार लोगों ने वाहन चढ़ाकर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद टीम ने करीब दस किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा कर ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली जब्त कर ली है और रेत माफिया से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया गया है कि वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम चंबल के राजघाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे कार्रवाई करने वाली टीमों पर हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित