भरतपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान में झुंझुनूं जिला अस्पताल में कार्यरत एक सहायक रेडियोग्राफर के भरतपुर के जिला कलक्टर के फर्जी हस्ताक्षर करके 15 युवकों को नियुक्ति पत्र देकर करीब 20 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ठगी के इस मामले के उजागर होने के बाद भरतपुर के जिला कलक्टर कमर चौधरी ने नियुक्ति के लिए जारी किये गए पत्रों को पूरी तरह से फर्जी बताते हुए कहा है कि उनके कार्यालय से इनका कोई संबंध है।

श्री चौधरी और चिकित्सा विभाग के निदेशक राकेश कुमार शर्मा के नाम से फर्जी आदेश जारी करके बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये की ठगी के इस मामले को लेकर झुंझुनूं जिला अस्पताल में कार्यरत सहायक रेडियोग्राफर सोनू कुमार मीणा के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला भी दर्ज कराया गया है।

जारी पत्रों में प्रधान चिकित्साधिकारी (पीएमओ) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को रिक्त पदों पर संविदा आधार पर नियुक्ति के निर्देश दिए जाने का उल्लेख किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित