नयी दिल्ली , दिसंबर 17 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थापित अत्याधुनिक दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का उद्घाटन किया और कहा कि यह संग्रहालय बच्चों को दिल्ली मेट्रो की विशेषज्ञ अभियांत्रिकी से अवगत कराएगा। श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली मेट्रो की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, "संग्रहालय केवल इतिहास नहीं दिखाते, संग्रहालय तो वो फैसले जो लिए गए, जिस दृष्टिकोण के साथ लिए गए और आने वाली पीढ़ियों को रास्ता दिखाने के लिए लिये गये हैं, उस दृष्टिकोण और फैसलों साक्षात् कहानी को दर्शाते हैं। आज का यह संग्रहालय बनना हमारे बच्चों को दिल्ली मेट्रो की विशेषज्ञ अभियांत्रिकी को दिखाने वाला है।"इस अवसर पर दिल्ली के (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार, प्रबंध निदेशक, हित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री सिंह ने दिल्ली मेट्रो को बधाई देते हुए कहा, "दिल्ली अब एक संग्रहालयों का शहर बन गया है। राष्ट्रीय और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे संस्थान हमारे इस महान देश के स्वर्णिम इतिहास और गौरवशाली विरासत को बखूबी प्रदर्शित करते हैं। इसी कड़ी में आज यह मेट्रो रेल संग्रहालय भी दिल्ली के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में अपना स्थान बनाने जा रहा है।"यह संग्रहालय शुक्रवार से आम जनता के लिए खोला जाएगा। संग्रहालय का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह संग्रहालय मंगलवार से रविवार तक खुला रहेगा, जबकि सोमवार और सार्वजनिक अवकाशों के अवसर पर बंद रहेगा। अधिकाधिक आगंतुकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।

संग्रहालय में मेट्रो ट्रेन संचालन का वास्तविक अनुभव प्रदान करने वाले सिमुलेटर, टनल बोरिंग मशीन और लॉन्चिंग गर्डर के कार्यशील मॉडल, तथा आगंतुकों के गेम खेलने और मेट्रो निर्माण प्रक्रिया को समझाने के लिए इंटरएक्टिव डिजिटल डिस्प्ले उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, क्विज़ शो स्क्रीन, सेल्फी प्वाइंट एवं स्मृति चिह्न (सुवेनियर) की दुकान संग्रहालय के सहभागितापूर्ण वातावरण को सुदृढ़ बनाते हैं, जबकि स्थायी मॉडल और प्रदर्शनियां मेट्रो प्रणाली के विभिन्न तकनीकी एवं प्रचालन पहलुओं को प्रदर्शित करती हैं।

संग्रहालय में मेट्रोमैन डॉ. ई. श्रीधरन पर आधारित एक समर्पित पैनल, एक मॉक मेट्रो सुरंग तथा ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। दिल्ली के प्रमुख स्थलों को दर्शाने वाले डायोरामा, गणमान्य व्यक्तियों के दौरों पर आधारित फोटो गैलरी तथा मेट्रो के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित पैनल, दिल्ली मेट्रो के विकास क्रम का समग्र चित्र प्रस्तुत करते हैं। कुल मिलाकर, संग्रहालय में 50 से अधिक पैनल, प्रदर्शनी, कियोस्क और मॉडल स्थापित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित