नयी दिल्ली , मार्च 09 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उत्तम नगर की दुखद घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि उन्होंने आज दिल्ली सचिवालय में उत्तम नगर की दुखद घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस असहनीय पीड़ा के समय दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा, " तरुण के परिवार का दुःख अत्यंत गहरा और असहनीय है। उन्हें न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता, संबल और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।"उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस प्रकार की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित