श्रीगंगानगर , अप्रैल 04 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर शहर में एक युवक को वर्क वीजा से रूस भेजने का झांसा देकर तीन लाख 80 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

पीड़ित युवक के पिता प्रदीप ने दिल्ली के नोएडा स्थित सिंह टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक गुरमीतसिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का आरोप लगाते हुए न्यायालय के जरिए पदमपुर थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है।

प्रदीप ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनका बेटा सुनील काम के सिलसिले में रूस जाना चाहता था। इसी दौरान उन्होंने नोएडा में स्थित सिंह टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक गुरमीतसिंह से संपर्क किया। गुरमीत सिंह ने रूस का वर्क वीजा बनवाने का पूरा झांसा देते हुए उससे तीन लाख 80 हजार रुपये ले लिये। लेकिन वायदे के मुताबिक वर्क वीजा की जगह गुरमीतसिंह ने उसके बेटे सुनील को केवल टूरिस्ट वीजा दिलाया।

प्रदीप ने बताया कि सुनील मास्को पहुंचा बिना वर्क वीजा के युवक को वहां कई महीनों तक छुप-छुपकर रहना पड़ा। उसे रोजी-रोटी की तलाश में कई दिक्कतों और दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। आखिरकार युवक 16 नवम्बर 2025 को भारत लौट आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित