कीव , जनवरी 28 -- यूक्रेन के खारकीव क्षेत्र में मंगलवार रात पैसेंजर ट्रेन पर हुए कथित रूसी ड्रोन हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा कर यह जानकारी दी।

श्री ज़ेलेंस्की ने इस हमले को 'आतंकवाद की करतूत' बताते हुए एक छोटा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगी हुई दिखायी दे रही थी। क्षेत्रीय आपातकालीन सेवाओं ने बाद में कहा कि आग बुझा दी गयी है।

श्री ज़ेलेंस्की ने 'एक्स' पर लिखा, " ट्रेन के डिब्बे में नागरिकों को मारने का कोई सैन्य औचित्य नहीं है, और न ही हो सकता है। खासकर, ट्रेन में 200 से ज़्यादा लोग थे, और 18 लोग उस डिब्बे में थे, जिस पर रूसी ड्रोन में से एक ने हमला किया था। रूस ने हमले करने की अपनी क्षमता, आतंक फैलाने की अपनी क्षमता में काफी वृद्धि की है। "यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस पर दबाव बनाने के अपने संदेश को दोहराया। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि 50 से ज़्यादा रूस के ड्रोनों के एक हमले ने काला सागर बंदरगाह शहर ओडेसा पर भी हमला किया, जिसमें तीन लोग मारे गये और दो बच्चों सहित 30 से ज़्यादा लोग घायल हो गये।

ड्रोन ने शहर के पावर ग्रिड को निशाना बनाया, जिस पर मॉस्को ने सर्दियों के चरम पर बिजली और हीटिंग काटने के प्रयास में बार-बार हमला किया है। साथ ही पांच अपार्टमेंट इमारतों को भी निशाना बनाया गया।

यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, ओडेसा यूक्रेनी निर्यात के लिये एक रणनीतिक केंद्र है और रूस ने इसे अक्सर निशाना बनाया है। दक्षिणी यूक्रेनी शहर पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किये गये ड्रोनों में ऐसे मॉडल शामिल थे, जिन्हें हाल ही में रूस ने अपनी रेंज और मारक क्षमता में सुधार के लिए अपग्रेड किया है।

रूस ने कीव पर भी एक हमला किया, जिसमें कम से कम दो लोग मारे गये। कीव क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख, मायकोला कलाशनिक ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, " बिलोगोरोड्स्का समुदाय में, हमारे दो देशवासियों की हमले में मौत हो गयी।" यूक्रेन की पुलिस के अनुसार, इस दंपति का चार साल का बच्चा बच गया, लेकिन हमले में घायल हो गया था। तीन अन्य लोग भी घायल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित