, March 5 -- मॉस्को, 05 मार्च (वार्ता/ शिन्हुआ) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस वाणिज्यिक फायदे के लिए यूरोपीय संघ (ईयू) के देशों को उम्मीद से पहले प्राकृतिक गैस की आपूर्ति रोक सकता है।
श्री पुतिन ने बुधवार को एक साक्षात्कार में कहा कि ईयू देश 'एक महीने में रूसी गैस की खरीद पर नयी रोक लगाने और एक साल में उन्हें पूरी तरह से बैन करने की योजना बना रहे हैं।'उन्होंने कहा, " दूसरे बाजार अब खुल रहे हैं। शायद हमारे लिए अभी यूरोपीय बाजार में आपूर्ति रोकना और नयी दिशाओं में निर्यात स्थापित करना ज़्यादा फायदेमंद होगा। इसमें कोई राजनीतिक मतलब नहीं है। "उन्होंने कहा कि ये सिर्फ 'खुलकर सोचे गये विचार' हैं। अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
ईयू की परिषद ने जनवरी में ईयू में रूसी पाइपलाइन गैस और लिक्विफाइड प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के आयात पर प्रतिबंध को मंज़ूरी दी। इसके तहत एलएनजी के लिए जनवरी 2027 से और पाइपलाइन गैस के लिए 2027 के पतझड़ से पूरा प्रतिबंध लागू होगा।
परिषद के मुताबिक, पाइपलाइन गैस और एलएनजी को मिलाकर, 2025 में कुल ईयू गैस आयात में रूस का हिस्सा लगभग 13 प्रतिशत था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित