अबू धाबी , जनवरी 24 -- अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच त्रिपक्षीय बैठक सकारात्मक रही है और यह बातचीत जारी रहेगी।

एनबीसी ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

गौरतलब है कि फरवरी 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार तीनों पक्ष त्रिपक्षीय रूप में मिल रहे हैं और बातचीत का पहला दिन खत्म होने के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव और जीआरयू सैन्य खुफिया प्रमुख एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव के नेतृत्व वाली रूसी टीम सुरक्षा मामलों पर ध्यान केंद्रित करेगी।

श्री उशाकोव ने बैठक से पहले मीडिया से कहा, "हम राजनीतिक और राजनयिक माध्यमों से यूक्रेनी संकट को हल करने में रुचि रखते हैं। अगर ऐसा नहीं होता है, तो रूस युद्ध के मैदान में अपने लक्ष्यों को हासिल करना जारी रखेगा।"तीनों पक्षों ने कहा कि क्षेत्रीय मुद्दा शांति समझौते में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। रूस की मांग है कि यूक्रेन अपने नियंत्रण वाले रूसी क्षेत्र के कुछ हिस्सों से अपने सैनिकों को हटा ले और रूस की नयी सीमाओं को मान्यता दे। यूक्रेनी नेता व्लादिमीर जेलेंस्की ने ऐसी कोई भी रियायत देने से इनकार कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित