हरिद्वार , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के रुड़की शहर से बाहर रोडवेज बस अड्डा स्थानांतरित करने की चर्चाओं के बीच गुरुवार को स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से बस अड्डा यथास्थान बनाए रखने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर बस अड्डा शहर के बाहर या बाईपास पर स्थानांतरित किया गया तो आसपास के सैकड़ों दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित होगा और उनकी आजीविका संकट में आ जाएगी। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बस अड्डे की भूमि पर मॉल जैसे व्यावसायिक परियोजना की योजना बनाई जा रही है।
व्यापारी क्षेत्र की मुख्य समस्याओं में सोलानी पुल का तीन वर्षों से निर्माणाधीन होना भी बता रहे हैं, जिससे व्यापार और आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही जनता और व्यापारी कई कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में बस अड्डे का स्थानांतरण उनकी परेशानियां बढ़ा देगा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह आंदोलन को उग्र करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में विरोध दर्ज कराएंगे।
वहीं, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि वर्तमान बस अड्डा अपने स्थान पर ही संचालित रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय बस अड्डे के रूप में सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जबकि शहर के विस्तार को देखते हुए नया अंतरराज्यीय बस अड्डा शहर के बाहर विकसित किया जा रहा है। फिलहाल बस अड्डे पर मरम्मत और व्यवस्थाओं के सुधार का कार्य चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित