सोफिया , जनवरी 20 -- बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने सोमवार को घोषणा की कि वह मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। उनका यह कदम देश के आगामी मध्यावधि संसदीय चुनावों में उनकी भागीदारी का रास्ता साफ करेगा।

श्री रादेव ने बुल्गारिया की जनता को संबोधित करते हुए कहा, "कल मैं बुल्गारिया के राष्ट्रपति पद से अपना इस्तीफा सौंप दूँगा।"श्री रादेव ने जल्द होने वाले संसदीय चुनावों में शामिल होने का संकेत देते हुए कहा, "हमारे सामने देश के भविष्य के लिए एक लड़ाई है और मुझे विश्वास है कि हम आप सभी योग्य, प्रेरित और अडिग लोगों के साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे। हम तैयार हैं, हम सक्षम हैं और हम सफल होंगे।"गौरतलब है कि बुल्गारिया के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति के इस्तीफे को संवैधानिक न्यायालय द्वारा अनुमोदित किया जाना आवश्यक है। 18 जून 1963 को जन्मे श्री रादेव के राष्ट्रपति के रूप में दूसरे पांच साल के कार्यकाल में एक वर्ष शेष था। उनके हटने के बाद उपराष्ट्रपति, राष्ट्रपति का पदभार संभालेंगे।

गौरतलब है कि मौजूदा विधायिका के भीतर नयी सरकार बनाने का तीसरा और अंतिम प्रयास शुक्रवार को विफल हो गया। बुल्गारिया के संविधान के अनुसार, तीसरी बार विफल होने के बाद, राष्ट्रपति को संसदीय समूहों के साथ परामर्श के बाद एक कार्यवाहक प्रधानमंत्री और सरकार नियुक्त करनी होती है तथा दो महीने के भीतर नए चुनाव कराने होते हैं।

लड़ाकू विमान के पूर्व पायलट रहे श्री रादेव पहली बार नवंबर 2016 में राष्ट्रपति चुने गए थे और नवंबर 2021 में उन्होंने फिर से जीत हासिल की थी।

श्री रादेव ने अपने भाषण में कहा कि राष्ट्रपति के रूप में उनके नौ वर्षों के दौरान बुल्गारिया ने अपना यूरोपीय एकीकरण पूरा किया, शेंगेन और यूरोज़ोन में शामिल हुआ। उन्होंने हालांकि तर्क दिया कि इन उपलब्धियों से स्थिरता या जनता को संतुष्टि नहीं मिली। उन्होंने गिरते मतदान प्रतिशत, मीडिया और न्याय प्रणाली में कम भरोसे, और व्यापक असुरक्षा व गरीबी का भी जिक्र किया।

अल्फा रिसर्च द्वारा पांच से 12 दिसंबर, 2025 के बीच किए गए एक सर्वेक्षण में पाया गया कि 40 प्रतिशत उत्तरदाता 'नई राजनीतिक शक्ति' द्वारा शासन के पक्ष में थे। अल्फा रिसर्च बुल्गारिया की प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक अनुसंधान एजेंसियों में से एक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित