मुंबई , जनवरी 19 -- रुपया सोमवार को 11.25 पैसे टूटकर अब तक के दूसरे निचले स्तर पर आ गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.90 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा में यह लगातार चौथी गिरावट है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 44.75 पैसे लुढ़ककर 90.7875 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। चार दिन में यह 72.50 पैसे टूटी है।
रुपये का ऐतिहासिक निचला स्तर 16 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था जब यह बीच कारोबार में 91.14 रुपये प्रति डॉलर तक लुढ़कने के बाद 90.93 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपये में सुबह के कारोबार में तेजी रही। यह 10.75 पैसे मजबूत होकर 90.68 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह ऊपर 90.65 रुपये प्रति डॉलर तक चढ़ने के बाद लुढ़कता हुआ 91.01 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में रही गिरावट से भारतीय मुद्रा को शुरुआती मजबूती मिली। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय शेयर बाजार से पैसे निकालने से रुपया दबाव में आ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित