रुद्रप्रयाग, जनवरी 27 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस समारोह 2026' को "समानता द्वारा समरसता" थीम के साथ गरिमामय रूप से मनाया गया। इस अवसर पर संपूर्ण जनपद में पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर तथा जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत द्वारा की गई। इस अवसर पर समान नागरिक संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा यूसीसी से संबंधित चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में समान नागरिक संहिता के उद्देश्यों एवं लाभों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें धर्म, जाति, पंथ से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार एवं समान कानून की अवधारणा को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित