रुद्रपुर , मार्च 20 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में कुट्टू का आटा खाने से 11 लोग अचानक बीमार पड़ गए। इनमें सात महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद शुक्रवार शाम को उन्हें छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवरात्र के पहले दिन व्रत खोलने के बाद लोगों ने कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थों का सेवन किया था। इसके बाद देर रात उन्हें उल्टी, मितली और दस्त जैसी समस्याएं होने लगीं। आज सुबह हालत बिगड़ने पर सभी मरीजों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के मुताबिक, सुबह से ही ऐसे कई मरीज अस्पताल पहुंचे, जिन्होंने कुट्टू का आटा खाने की बात बताई। सभी को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं दी गईं, जिससे उनकी हालत में सुधार हुआ।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या ने बताया कि जिन दुकानों से आटा खरीदा गया था, वहां से नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि खुले में बिकने वाला आटा खरीदने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित