हरिद्वार , मार्च 14 -- उत्तराखंड के रुड़की में रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में शनिवार को रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चंद्रशेखर चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'संसद से नरेंद्र गायब, रसोई से सिलेंडर गायब' जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा विरोध जताया। इसके बाद सिविल लाइन स्थित चंद्रशेखर चौक पर आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है और रसोई गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने से आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और जनविरोधी नीतियों के कारण देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत घरेलू गैस सिलेंडर के दाम कम कर आम जनता को राहत देनी चाहिए।

प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि एक ओर महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार को आम जनता की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है। वंही प्रदेश महासचिव विकास त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता की आवाज उठाती रही है और महंगाई के खिलाफ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही रसोई गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित