रुड़की , जनवरी 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रुड़की में गोवंश संरक्षण स्क्वाड एवं कोतवाली रुड़की पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोकशी की घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

शुक्रवार को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जोरासी स्थित नदीम के घर पर गोकशी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोवंश संरक्षण स्क्वाड और कोतवाली रुड़की पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर तलाशी अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान मौके से नदीम पुत्र नसीम, निवासी ग्राम जोरासी, कोटा रोड, थाना कोतवाली रुड़की को 13.71 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस एवं पशु वध में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना स्थल से अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

कोतवाली रुड़की पर गोवंश संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित