हरिद्वार, अप्रैल 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने शनिवार को गौवंश संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली रुड़की क्षेत्र में गौकशी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और गौ स्क्वाड टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम जौरासी स्थित एक मकान में अवैध रूप से गौकशी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
मौके से पुलिस ने 76.03 किलोग्राम गौवंशीय मांस और पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। इस संबंध में कोतवाली रुड़की में गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित