फिरोजाबाद , फरवरी 18 -- फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र में मंगलवार रात आगरा रोड पर रील बनाते हुए बाइक चला रहे युवकों ने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र निवासी रामवीर सिंह की पत्नी सरोज देवी (53) और उनकी पुत्रवधू वीरवती (26) मंगलवार रात ऑटो से घर लौट रही थीं। ऑटो से उतरकर जैसे ही वे सड़क पार कर रही थीं, सामने से आ रहे बाइक सवार युवकों ने रील बनाते हुए लापरवाही से वाहन चलाया और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए।

सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते आगरा रेफर किया गया। इलाज के दौरान सरोज देवी की मौत हो गई, जबकि वीरवती का उपचार जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित