रांची , जनवरी 28 -- झारखंड के पलामू जिले में सोशल मीडिया पर वायरल एक रील्स के बाद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है।
हुसैनाबाद थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस के दिन पुलिस यूनिफॉर्म में पत्नी के साथ रील्स बनाने और उसके वायरल होने के बाद की गई है।
मंगलवार को रील्स सामने आने के बाद पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे। हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने पूरे मामले की पड़ताल की। जांच रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
सोनू कुमार चौधरी 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं। वर्ष 2024 में उन्हें पदोन्नति देकर इंस्पेक्टर बनाया गया था और वे वर्तमान में हुसैनाबाद थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन पुलिस यूनिफॉर्म में रील्स बनाना और उसे सोशल मीडिया पर साझा करना विभागीय नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में माना गया।
इधर, प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन भी किए गए हैं। पाटन अंचल में तैनात इंस्पेक्टर चंदन कुमार को हुसैनाबाद का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इंस्पेक्टर चंदन कुमार इससे पहले पलामू जिले के हरिहरगंज थाने के प्रभारी रह चुके हैं और हाल के महीनों में उन्हें पाटन सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित