भरतपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना उपखंड के ग्राम पीलूपुरा-कारवारी में 372 पदों पर रीट अभ्यर्थियों के चल रहे धरने को फिलहाल एक मई तक स्थगित कर दिया गया है।

बुधवार को गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल की जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के बाद प्रशासनिक स्तर पर यह घोषणा की गई।

बैठक में प्रशासन की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र यादव, उपखंड अधिकारी बयाना दीपक मित्तल उपस्थित रहे जबकि आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से श्रीराम बैंसला, हिम्मत सिंह पाडली, दिवान सिंह शेरगढ़, केदार बारां, विजयराम, दयाराम सहित प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने भाग लिया।

बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा आरक्षण संघर्ष समिति के ज्ञापन एवं मंत्रिमण्डलीय उप समिति से चर्चा की मांग से राज्य सरकार को अवगत कराया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित