भीलवाडा , जनवरी 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के बिजौलियां क्षेत्र में गोपालपुरा गांव में सोमवार देर रात रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक बार फिर सनसनी फैल गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए ने एक पशु बाड़े में बछड़ी को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी।

घटना गोपालपुरा निवासी प्रकाश के घर की है। देर रात करीब दो बजे एक एक तेंदुआ दीवार फांदकर पशुओं के बाड़े में घुस गया और वहां बंधी बछड़ी पर हमला कर उसे लहू-लुहान कर दिया। बछड़ी के पास ही बंधी गाय ने जब तेंदुए को देखा तो वह डर के मारे जोर-जोर से छटपटाने लगी। गाय की आवाज सुनकर प्रकाश और उनके परिजन तुरंत जाग गये और बाहर आये। शोर शराबा सुनकर तेंदुआ बछड़ी को छोड़कर भाग निकला।

सूत्रों ने बताया कि इस क्षेत्र में तेंदुए के आये दिन मवेशियों पर हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए अब जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्रों और घरों के भीतर बने बाड़ों तक पहुंच रहे हैं, जिससे न केवल पशुधन बल्कि इंसानों की जान पर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित