चंडीगढ़ , फरवरी 09 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान के तहत जनवरी माह के दौरान रिश्वतखोरी के आठ अलग-अलग मामलों में 10 सरकारी अधिकारियों तथा एक निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पिछले महीने विभिन्न सक्षम न्यायालयों में 24 विजिलेंस मामलों से संबंधित चालान पेश किए गए। इसके अतिरिक्त, भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच के लिए चार सतर्कता पूछताछ भी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि 16 आरोपियों के खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 11 आरोपी सरकारी कर्मचारी हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने के दौरान विभिन्न सक्षम न्यायालयों ने सात रिश्वतखोरी मामलों में फैसले सुनाए, जिनमें 11 व्यक्तियों को दोषी ठहराया गया। इन दोषियों को 4-4 वर्ष की कैद के साथ-साथ 10,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित