मुंबई , अप्रैल 03 -- बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने कहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी को पर्दे पर लाना रितेश देशमुख का हमेशा से एक सपना रहा है।

फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह मेरी पहली मराठी फिल्म है। रितेश, जिन्हें मैं अपना भाई मानता हूं, लगभग 25 साल पहले लातूर में मेरी पहली मुलाकात के बाद से ही इस फिल्म का सपना देख रहे थे। मैं वहां अपनी फिल्म 'ज़मीन' की शूटिंग कर रहा था। रितेश उस समय फिल्म इंडस्ट्री में नए-नए आ रहे थे और वे अजय देवगन और मेरे साथ शूटिंग करने आए थे, और यहीं से हमारी दोस्ती शुरू हुई। उसके बाद हमने कई फिल्मों में साथ काम किया।"जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की फिल्म "राजा शिवाजी" में ये दोनों अभिनेता पहली बार एक साथ नजर आएंगे। यह फिल्म अभिषेक बच्चन के लिए खास है क्योंकि यह उनकी पहली मराठी फिल्म है। इसमें वे छत्रपति शिवाजी महाराज के बड़े भाई संभाजी शाहजी राजे भोसले का किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म का पहला टीज़र हाल ही में जारी किया गया, जिसमें बच्चन एक दमदार और विशिष्ट अंदाज में नजर आ रहे हैं। वे युद्ध के मैदान में एक योद्धा के रूप में दिखाई देते हैं और अपने भाई शिवाजी महाराज के साथ अपने रिश्ते को भी दर्शाते हैं।

बचन ने बताया कि फिल्म के टीज़र को काफी पसंद किया जा रहा है और इसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने रितेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह मराठी फिल्मों में सबसे बड़ी फिल्मों में से एक हो सकती है।

फिल्म में ज़बरदस्त एक्शन, शानदार दृश्य और एक सशक्त कहानी है। संगीत अजय-अतुल ने दिया है और छायांकन संतोष सिवान ने किया है।

फिल्म में संजय दत्त, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जेनेलिया देशमुख और रितेश देशमुख भी हैं।

यह फिल्म 1 मई 2026 को मराठी, हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित