देहरादून , फरवरी 02 -- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को देहरादून के पत्र सूचना कार्यालय में आयोजित वर्चअल प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों के पत्रकारों को रेलवे बजट को लेकर संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार रेलवे को रिकॉर्ड 2.93 लाख करोड़ रूपए पूंजीगत व्यय का बजट आवंटन किया गया है,जिसका लाभ उत्तराखंड को भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 तक सिर्फ 187 करोड़ का बजट उत्तराखंड में रेलवे के काम के लिए आवंटित किया गया था। जबकि 2026 27 के रेल बजट में उत्तराखंड को रिकॉर्ड 26 गुना अधिक रेल बजट 4 हजार 769 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।

उत्तराखंड में कुल 39,491 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है और इस बड़े निवेश में राज्य में ट्रैक बनाना, स्टेशन रीडेवलपमेंट और सुरक्षा बढ़ाना शामिल है।

इसी तरह अमृत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड में कुल 11 स्टेशनों को पूरी तरह से रीडेवलप करने के लिए चयनित किया गया है। स्टेशन के आधुनिकरण के लिए 147 करोड़ का कुल निवेश किया जा रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी, प्रीमियम ट्रेन सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत राज्य में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं चल रही हैं और एक अमृत भारत एक्सप्रेस की सेवा चालू है। रेल मंत्री ने बताया कि नेटवर्क विस्तार और 100 प्रतिशत विद्युतीकरण के मामले में उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क तेज़ी से बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि 2014 से अब तक लगभग 76 किलोमीटर ट्रैक का निर्माण किया जा चुका है। राज्य ने रेलवे में 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन हासिल कर लिया है,जबकि 2014 से अब तक 334 किलोमीटर रेल लाइनों को इलेक्ट्रिफाई किया जा चुका है और 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए। रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब तक कुल 54 कवच स्वीकृत किए जा चुके हैं।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर बहुत तेजी से आगे काम बढ़ रहा है और जल्द ही ये अपने उद्घाटन की ओर बढ़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित