नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को लोकसभा में नेता विपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा कि वह लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर संसद और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं जिसकी भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है।
श्री बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी सदन में चर्चा करने से बचते हैं और संसद को "दंगल का मैदान" बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कई बार बोलने के अवसर दिए गए, लेकिन वे सार्थक चर्चा के बजाय देश को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी "पोल खुलने" के डर से राहुल गांधी हर बार सदन से बाहर जाने के बहाने खोजते रहते हैं।
श्री बलूनी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान हुए व्यवधान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सदन की गरिमा के खिलाफ है और देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान भी है। उन्होंने कहा कि बजट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा से दूर रहना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति बन गई है।
श्री बलूनी ने आरोप लगाया कि सदन में कागज फाड़ना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में बाधा डालना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि संसद की गरिमा को बार-बार नुकसान पहुंचाया गया है और कांग्रेस "झूठ व प्रोपेगेंडा की राजनीति" कर रही है।
श्री बलूनी कहा कि जो कांग्रेस कभी चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौता करती रही, वह आज राष्ट्रीय सुरक्षा की बात कर रही है। डोकलाम विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर सेना और देश की संप्रभुता के मुद्दों पर बोलने के नैतिक अधिकार पर सवाल उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित