नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद अनिल बलूनी ने सोमवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद में दिये बयान पर निशाना साधते हुये हमला बोला और उन पर संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सेना के जवानों का मनोबल गिराने का आरोप लगाया।

श्री बलूनी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि विदेशी धरती से देश और भारतीय सेना की छवि को धूमिल करते-करते श्री गांधी अब सदन में भी देश को बदनाम और भारत के वीर जवानों का अपमान करने लगे हैं।

श्री बलूनी ने कहा कि श्री गांधी लगातार झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने वाली बातों के माध्यम से न केवल संसद की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं, बल्कि हमारे वीर सैनिकों के मनोबल को भी आहत कर रहे हैं। जो किताब अभी तक प्रकाशित ही नहीं हुई उसके बारे में श्री गाँधी को आखिर कैसे पता चला कि उसमें क्या लिखा हुआ है। श्री बलूनी ने एक्स पर अपने पोस्ट के साथ पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल मनोज नरवणे का एक वीडियो भी साझा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित