नयी दिल्ली , मार्च 26 -- संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोक सभा में विपक्ष के नेता के लिए 'फिट नहीं' बताने के बयान पर कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगौर ने पलटवार किया है।

श्री टैगोर ने गुरुवार को श्री रिजिजू पर निशाना साधा और कहा कि विपक्ष के नेता पर टिप्पणी करने से पहले लोकतंत्र की बुनियादी समझ होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री गांधी किसी सरकार द्वारा नियुक्त नहीं, बल्कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सांसदों द्वारा चुने गये हैं, जिन्हें जनादेश प्राप्त है। उन्होंने सवाल उठाया कि श्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री किसने बनाया, क्या सिर्फ भाजपा और एनडीए सांसदों ने?श्री टैगोर ने कहा कि लोकतंत्र का सम्मान चयनात्मक नहीं होना चाहिए। कांग्रेस सांसद ने श्री रिजिजू को नसीहत देते हुए कहा कि उनका काम संसद की गरिमा बनाये रखना है, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियां करना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्री रिजिजू 'संसदीय कार्य मंत्री' से ज्यादा 'असंसदीय कार्य मंत्री' की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि श्री रिजिजू ने श्री गांधी को लेकर कहा था कि इस भूमिका के लिए वह परिपक्व नहीं हैं और सुझाव दिया कि दोनों में से श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा एक बेहतर विकल्प होतीं। श्री रिजिजू ने कहा, 'राहुल गांधी परिपक्व नहीं हैं,' और यह भी कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में श्रीमती वाड्रा "बेहतर चुनाव' होतीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित