वाराणसी , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी में अपर जिला जज (एमपी-एमएलए) पंचम, यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा भगवान श्रीराम को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में दायर पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई हुई। न्यायालय ने तामीला को पर्याप्त मानते हुए निचली अदालत से पत्रावली एवं रिकॉर्ड तलब किए हैं और मामले की अगली सुनवाई के लिए 13 अप्रैल की तिथि नियत की है।

याचिका दायर करने वाले अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने बताया कि अप्रैल 2025 में राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में भगवान राम तथा सनातन धर्म के प्रतीकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके इस विवादास्पद बयान से सनातन धर्म का अपमान हुआ और वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को क्षति पहुंची, जिसके बाद यह याचिका दायर की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित