पटना , जनवरी 27 -- बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी पटना के कारगिल चौक पर पूर्व कांग्रेसी शकील अहमद की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही आपत्तिजनक, गैर- जिम्मेदाराना और तथ्यहीन टिप्पणियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गरीब दास ने कहा कि इस तरह के बयान राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन हैं और कांग्रेस पार्टी व उसके नेतृत्व की छवि को धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास हैं, जिसकी युवा कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस पार्टी नेतृत्व के सम्मान, विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिये पूरी मजबूती से खड़ी है और किसी भी स्तर पर अनर्गल बयानबाज़ी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

इस क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक पुतला दहन कर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया। संगठन की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के तहत की जा रही बयानबाज़ी का जवाब लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर दिया जाता रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान बिट्टू यादव, मुकुल यादव, पूनम यादव, रौशन कुमार, सोनू ठाकुर, विश्वजीत कुमार समेत युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित