चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी विशेषज्ञता से पूरा देश भली-भांति परिचित है कि उन्होंने अपनी पार्टी को कितने चुनाव हरवाये हैं।

कुरुक्षेत्र में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की बैठक को लेकर श्री विज ने तंज कसते हुए कहा कि जो ज्ञान श्री गांधी के पास है, वही अब वह अपने नीचे के कार्यकर्ताओं को बांटने आये हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। श्री विजने हरियाणा के अंबाला में पत्रकारों को प्रेस वार्ता के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर मंत्री श्री विज ने कहा कि देश की तमाम राजनीतिक पार्टियों में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां पूरी तरह प्रजातांत्रिक तरीके से चुनाव होते हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा में सबसे पहले बूथ कमेटी फिर वार्ड जिला प्रदेश और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है।

उन्होंने कहा कि खानदानी और पारिवारिक पार्टियों में पहले से ही अध्यक्ष तय होते हैं और ऊपर से नीचे नियुक्तियां की जाती हैं। उन्होंने इसे एजेंसी सिस्टम करार दिया और कहा कि जिस पार्टी के भीतर लोकतंत्र नहीं है, वह देश के 140 करोड़ लोगों के लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकती।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए श्री विज ने कहा कि वह अक्सर नींद में बोलते हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस ने हमेशा राष्ट्रवाद और देशभक्ति सिखायी है और आपदा के समय स्वयंसेवक सबसे पहले सेवा के लिए आगे आते हैं।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बीपीएल परिवारों को लेकर किये गये 'एक्स' पर एक पोस्ट को लेकर कहा कि श्री सुरजेवाला जानते हैं कि किसी का जायज हक छीना नहीं जा सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्री सुरजेवाला को सिर्फ राजनीति करनी आती है जनता के हितों की चिंता नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित