नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी और सोशल मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संसद की विशेषाधिकार शक्तियों का दुरुपयोग करने और देश की सशस्त्र सेनाओं के खिलाफ भ्रामक बातें करने का गंभीर आरोप लगाया ।

श्री मालवीय ने कहा कि श्री गांधी बार-बार ऐसे बयान दे रहे हैं जो देश की संस्थाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करते हैं। श्री मालवीय ने एक्स पर की गई कई पोस्टों में कहा कि पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत की एक इंच जमीन भी नहीं गयी है। इसके बावजूद श्री गांधी इन तथ्यों को स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के पूर्व सेना प्रमुख स्वयं स्पष्ट बयान दे चुके हैं, तो श्री गांधी उनके शब्दों पर भरोसा क्यों नहीं करते।

श्री मालवीय ने कहा कि जनरल नरवणे ने कहा था कि चीन को इस टकराव में नुकसान में रहा है और भारत की सेनाओं ने दृढ़ता और साहस के साथ स्थिति को संभाला और हमने दुनिया को दिखाया कि चीन जैसे दबंग देश का सामना किया जा सकता है। यह कथन भारत की सैन्य क्षमता और नेतृत्व को दर्शाता है। इसके बावजूद श्री गांधी बार-बार विदेशी एजेंसियों और बाहरी स्रोतों का सहारा लेकर भारत की आधिकारिक स्थिति पर सवाल खड़े करते हैं, जो अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना है।

श्री मालवीय ने आरोप लगाया कि यह कोई संयोग नहीं है कि हर महत्वपूर्ण संसदीय सत्र से ठीक पहले ऐसी विवादास्पद बातें सामने लाई जाती हैं, जिनका उद्देश्य भारत की संस्थाओं, सशस्त्र बलों और सुरक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा करना होता है। उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर एक "अप्रकाशित" लेख के चुनिंदा अंशों का हवाला देकर चीन सीमा से जुड़े मुद्दों पर भारत की स्थिति को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

श्री मालवीय ने कहा कि इससे पहले भी पेगासस और राफेल जैसे मुद्दों पर इसी तरह के आरोप लगाए गए थे और अब एक ऐसे सैन्य टकराव को लेकर सवाल खड़े किये जा रहे हैं, जिसमें भारत ने निर्णायक सफलता हासिल की। हर बार ये आरोप राजनीतिक रूप से सुविधाजनक समय पर सामने आते हैं और विदेशी शक्तियों द्वारा गढ़ी गई भारत-विरोधी बातों से मेल खाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित