पटना, मार्च 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने 12 मार्च 2026 को लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन बताते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी के 20 अन्य सांसदों का संसद के मकर द्वार पर पिकनिक मनाना सदन के अपमान के साथ संसदीय मर्यादाओं का उल्लंघन भी है।

श्री प्रकाश ने ‎भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन संबोधित करते हुए कहा कि एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतरता से भारत का मान, सम्मान और गौरव बढ़ा रहे हैं, वहीं राहुल गांधी ऐसे उलूल जुलूल कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस आचरण से देश स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को मानने वाले लोग पीड़ित और व्यथित हैं और जानना चाहते हैं कि आखिर उन्हें कौन सी मजबूरी थी कि संसद के मकर द्वार को पिकनिक स्पॉट बनाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित