नयी दिल्ली , दिसंबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में नेता विपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी धरती से एक बार फिर देश विरोधी कृत्यों में शामिल होने और बयान जारी करने का आरोप लगाते हुये कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाया है।

भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री गांधी की संसद सत्र के दौरान जर्मनी में 'ग्लोबल प्रोग्रेसिव' अलायंस में भाग लेने पर निशाना साधा।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि यह सभी लोग जानते हैं कि कांग्रेस नेता श्री गांधी विदेश यात्रा पर जाते रहते हैं और वहां से भारत विरोधी बयान भी जारी करते हैं। श्री त्रिवेदी ने कहा कि उनके पारिवारिक सलाहकार सैम पित्रोदा ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस नामक एक गठबंधन का हिस्सा है और उसी में भाग लेने के लिए राहुल गांधी जी जर्मनी गए थे। उन्होंने कहा कि यह संस्था ऐसे संगठन से जुड़ा हुआ है, जो भारत विरोधी शक्तियों के साथ और भारत विरोधी बातों को स्थापित करने वाले अनेक संगठनों के नेटवर्क का हिस्सा है। इससे यह साफ हो जाता है कि श्री गांधी भारत विरोधी बयान रणनीति के तहत जारी करते हैं।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि श्री गांधी जर्मनी यात्रा के दौर सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट कार्नेलिया वुल से मिले थे और यह सभी को मालूम है कि सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी जॉर्ज सोरोस की ओपन सोसाइटी फाउंडेशन से वित्तीय अनुदान लेती है। उन्होंने कहा कि श्री पित्रोदा ने स्वयं इस बात का खुलासा किया है कि श्री गांधी इस संस्था के प्रेसिडियम (अध्यक्ष के समकक्ष) हैं और वो स्वयं (सैम पित्रोदा) उसके सदस्य हैं।

श्री त्रिवेदी ने कहा. ''श्री पित्रोदा से जब भी जॉर्ज सोरोस के साथ रिश्तों को लेकर और उनसे जुड़े लोगों के साथ वो उठने-बैठने को लेकर सवाल पूछा जाता है तो वह कहते हैं कि मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। आज मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आपको किसकी परवाह है, किसके कहने पर संसद सत्र के दौरान श्री गांधी विदेश जाते हैं।''श्री त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती है कि क्या आप भारत विरोधी भारत विरोधी वैश्विक ताकतों के नापाक गठजोड़ के सदस्य बन गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित