चंडीगढ़ , फरवरी 04 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बुधवार को संसद परिसर के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को "गद्दार" कहे जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है।
श्री चुघ ने कहा कि श्री गांधी का यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। किसी भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल व्यक्तिगत स्तर पर अपमानजनक है, बल्कि यह पूरे सिख समाज और राष्ट्र की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। कांग्रेस नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की मर्यादा और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक होती है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 का काला अध्याय आज भी देश और विशेषकर सिख समाज के दिलों में गहरे घाव छोड़ गया है। उन्होने आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस पार्टी और नेहरू-गांधी परिवार की भूमिका को देश आज तक नहीं भूला है। हजारों निर्दोष सिखों की निर्मम हत्या, देश के कई शहरों में योजनाबद्ध हिंसा और न्याय व्यवस्था की विफलता भारत के लोकतांत्रिक इतिहास पर एक कलंक के रूप में दर्ज है।
श्री चुघ ने कहा कि राहुल गांधी का यह कृत्य उसी सोच का प्रतिबिंब है, जो कांग्रेस की राजनीति को विभाजनकारी बनाती रही है। उन्होने राहुल गांधी से अपने बयान पर देशवासियों से और विशेषकर सिख समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने के लिए माफ़ी की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित