जयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री नवनीत सिंह बिट्टू के लिए 'गद्दार' शब्द का उपयोग करने की कड़ी निंदा की हैं।
श्रीमती दिया कुमारी ने बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि श्री गांधी का इस तरह का शब्द का उपयोग करना उनकी संकीर्ण मानसिकता और संस्कारों को उजागर करती है। यह टिप्पणी किसी एक व्यक्ति तक सीमित विषय नहीं, बल्कि उस वीर सिख समाज के सम्मान से जुड़ा प्रश्न है, जिन्होंने सदियों से राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व अर्पित किया है।
उन्होंने कहा कि जिस समाज की शौर्यगाथाएँ भारतीय सेना का गौरव रही हैं, उसके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी कांग्रेस की घृणित मानसिकता को दर्शाती है, जो इतिहास में भी विभाजन और असंवेदनशीलता का कारण बनी। राजनीति में असहमति स्वाभाविक है, परंतु राष्ट्र की एकता, बलिदान और सम्मान से खिलवाड़ करने वाली भाषा लोकतंत्र की मर्यादा के अनुरूप नहीं होती।
श्री राठौड़ ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि श्री गांधी द्वारा जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है वह कांग्रेस की गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति और उनके संस्कारों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने देश की आजादी से लेकर आज तक राष्ट्र की आन, बान और शान की रक्षा के लिए असंख्य बलिदान दिए हैं। ऐसे गौरवशाली समाज से आने वाले राज्यसभा सांसद रवनीत सिंह बिट़टु के लि गद्दार जेसे शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत शर्मनाक,दुर्भागयपूर्ण और निंदनीय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित