मुरैना , फरवरी 18 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला के सरायछोला थाना क्षेत्र में रास्ते से निकलने के विवाद के चलते बुधवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम जौरा खुर्द में मृतक और आरोपी आपस में पड़ोसी हैं तथा उनके बीच रास्ते से निकलने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया है कि आज सुबह आरोपियों ने मृतक को चुनौती दी थी कि वह रास्ते से निकलकर दिखाए।

सुबह जैसे ही युवक महादेव गुर्जर घर से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे करीब दो दर्जन आरोपियों ने एक राय होकर उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए समीप के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी आरोपी घटना के बाद फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित