मुरैना , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र के कैथरी गांव में रास्ता निकालने के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई फायरिंग में सत्यवीर गुर्जर की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को रामवतार गुर्जर और छोटू गुर्जर पक्ष के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया था। लेकिन गुरुवार शाम विवाद दोबारा भड़क गया और दोनों पक्षों के लोग हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

फायरिंग में सत्यवीर गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से रामअवतार गुर्जर और देवेंद्र गुर्जर घायल हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं और उनके घरों पर ताले लगे मिले हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित