लखनऊ , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़े महान विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होने कहा कि 25 दिसम्बर को प्रधानमंत्री के कर-कमलों से होने वाला इसका लोकार्पण लखनऊवासियों के लिए गर्व का विषय होगा। स्थल पर पार्क और हरित क्षेत्रों का विकास भी प्रकृति से जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

श्री सिंह ने लखनऊ के वसंत कुंज आवासीय योजना क्षेत्र में 65 एकड़ में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण से पूर्व निरीक्षण कर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध व व्यवस्थित रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पर्यटन मंत्री ने प्रतिमा निर्माण एवं स्थापना से जुड़े शिल्पकारों से संवाद किया और उनके कौशल, समर्पण तथा सृजनात्मक योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय नायकों के प्रेरक मूल्यों का सशक्त प्रतीक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह स्थल भावी पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देगा।

मंत्री ने प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात, संस्कृति विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ म्यूजियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनसंघ के वरिष्ठ नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बनी गैलरियों को देखा। म्यूजियम में अटल बिहारी वाजपेयी के जनसंघ से जुड़ाव, सांसद के रूप में उनके राजनीतिक सफर, जनता पार्टी के गठन तथा 'पांचजन्य' से संबंधों से जुड़ी जानकारियों को देखकर मंत्री ने इसे प्रभावशाली प्रस्तुति बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित