अमृतसर , जनवरी 26 -- अमृतसर के मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. जी. एस. फणी किशोर ने आयकर भवन परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
डॉ. किशोर ने देश की अखंडता एवं संप्रभुता बनाये रखने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उपहार नहीं, बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी भी है। भारत की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विविधता को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए इसे संरक्षित रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग केवल कर संग्रह करने वाला विभाग नहीं, बल्कि देश के विकास में अहम भूमिका निभाता है। आयकर के माध्यम से एकत्रित धन का उपयोग शिक्षा, आधारभूत संरचना, रक्षा एवं सामाजिक कल्याण के कार्यों में किया जाता है। विभाग द्वारा तकनीक के उपयोग से करदाताओं को पारदर्शी और सुविधाजनक सेवायें उपलब्ध करायी जा रही हैं, जिससे वे घर बैठे आयकर रिटर्न दाखिल कर सकते हैं और समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें आयकर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित