पटना, दिसंबर 18 -- राष्ट्रीय सामाजिक न्याय मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र चौहान ने पाकिस्तान के एक कुख्यात अपराधी की तरफ से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी गई धमकी की घोर निंदा करते हुये कहा कि जो महिला समाज में अपना चेहरा नहीं दिखा सकती, वह भला रोगियों का इलाज कैसे कर सकती है।
श्री चौहान ने बताया कि हाल ही में हुए हिजाब प्रकरण पर आज राजीव नगर के आदि देव महादेव मंदिर के प्रांगण में मोर्चा की एक आवश्यक बैठक हुई, जिसमें यह प्रस्ताव पारित किया गया और कहा गया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सरकार की तरफ से नियुक्ति पत्र पाने वाली डॉक्टर नुसरत परवीन को हिजाब हटाने के लिए कह कर कोई गलत काम नहीं किया है।
इस बैठक में हिजाब प्रकरण को लेकर चर्चा के दौरान यह भी कहा गया कि हिजाब लगा कर काम पर आने की स्थिति में डॉक्टर नुसरत परवीन का नियुक्ति पत्र रद्द कर देना चाहिए।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर नुसरत जैसी घनघोर मजहबी महिला रोगियों का इलाज कैसे कर सकती है? यह भी कहा गया कि मरीजों में महिलाओं के साथ पुरुष भी रहते हैं और मुसलमान ही नहीं हिंदू, इसाई, सिख और अन्य धर्मो के लोग भी रहते हैं। ऐसी स्थिति में वह बिना हिजाब हटाए रोगियों का इलाज कैसे कर पायेगी।
श्री चौहान ने कहा कि बैठक में मांग की गयी कि मुख्यमंत्री श्री कुमार को धमकी देने वाले दुर्दांत अपराधी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे कानूनी शिकंजे में कसते हुए भारत लाकर सजा देने की कोशिश होनी चाहिए। इस दौरान बिहार में विपक्षी राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के नेताओं की भी घोर आलोचना की गई, जिन्होंने इस बात के लिए मुख्यमंत्री की निंदा की थी और याद दिलाया गया कि महिला चिकित्सक को मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बेटा कह कर संबोधित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित