नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अनुसंधान एवं नवाचार को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा संदेश में कहा, "आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हम अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा की उस भावना का उत्सव मना रहे हैं, जो हमारे राष्ट्र को आगे बढ़ाती है।"गौरतलब है कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है। इसी दिन 1928 में नोबेल पुरस्कार विजेता सी वी रमन ने 'रमन प्रभाव' (रमन इफेक्ट) की खोज की घोषणा की थी। प्रकाश के प्रकीर्णन से संबंधित इस खोज के लिए उन्हें 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला था और वह यह सम्मान पाने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक बने थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित