जशपुर , फरवरी 01 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में हुए इस निरीक्षण में दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील चिन्हित 'ब्लैक स्पॉट' क्षेत्रों का ड्रोन कैमरे से सूक्ष्म सर्वेक्षण किया गया।
रविवार को डीआईजी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक,इस अभियान में जिला प्रशासन, परिवहन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की टीम ने भी हिस्सा लिया। निरीक्षण दल ने लोरो बगीचा, पतराटोली सहित अन्य खतरनाक स्थलों पर ड्रोन के जरिए सड़क की बनावट, खतरनाक मोड़ों, दृश्यता एवं यातायात दबाव का तकनीकी विश्लेषण किया। इस आधार पर संबंधित विभागों को त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
गम्हरिया तिराहे पर झाड़ियों की सफाई, रम्बलर स्ट्रिप लगाने, भारी वाहन प्रवेश निषेध बोर्डों को सही स्थान पर लगाने तथा रोड मार्किंग एवं डिवाइडर के पुनर्स्थापन का निर्देश दिया गया। वहीं बाला छापर तिराहे पर अतिक्रमण हटाने, पेड़ों पर रेडियम पट्टियां लगाने और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के आदेश जारी किए गए।
लोरो घाट क्षेत्र में गैप बंद करने, दीवारों पर चेतावनी स्लोगन लिखने, क्षतिग्रस्त सुरक्षा उपकरण बदलने तथा मोड़ों पर स्पष्ट क्रमांक अंकित करने जैसे उपाय तय किए गए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट लोरो बगीचा में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने और नियम उल्लंघन करने वाले ढाबा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई।
पतराटोली क्षेत्र में बसों को निर्धारित स्टॉप पर ही रोकने, रम्बलर स्ट्रिप लगाने, अवैध पार्किंग एवं कबाड़ वाहन हटाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी लाल उमेद सिंह ने कहा कि ब्लैक स्पॉट की समय पर पहचान और तकनीकी सुधार सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की अपील की।
इस निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, एसडीएम कुनकुरी, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इन उपायों के क्रियान्वयन से एनएच-43 पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात सुरक्षित बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित