भिण्ड , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के नेशनल हाईवे 719 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां जवाहरपुर गांव के पास एक स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरहे का पुरा निवासी रामू बघेल (22) सोमवार को बाइक से भिण्ड शहर जा रहा था। इसी दौरान जवाहरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

भिण्ड देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि नेशनल हाईवे 719 का यह स्थान हादसों के लिए कुख्यात रहा है। पिछले वर्ष 17 फरवरी को इसी स्थान पर एक डंपर और लोडिंग वाहन की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा था। एक बार फिर इसी स्थान पर हुए हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित