नयी दिल्ली , दिसंबर 04 -- सिनर्जी कॉर्पोरेशन और इनोप्रैक्टिका इंडिया के संयुक्त प्रोजेक्ट रशियन एजुकेशन एजेंसी ने राजधानी में गुरुवार को यहां अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया।
एजेंसी का उद्देश्य भारत और रूस के पारंपरिक संबंधों को मजबूत करते हुए भारतीय छात्रों को रूस में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने में सहायता प्रदान करना है।
यह शाखा रूसी विश्वविद्यालयों में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए सहायता केंद्र की तरह काम करेगी। यहां विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय और पाठ्यक्रम चुनने, आवेदन प्रक्रिया पूरी करने, वीज़ा प्राप्त करने और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में मदद करेंगे। इससे रूस में शिक्षा पाने की पूरी प्रक्रिया भारतीय विद्यार्थियों के लिए सुगम होगी।
सिनर्जी कॉर्पोरेशन के प्रेसीडेंट वादिम लोबोव ने बताया कि रूसी विश्वविद्यालयों से पढ़े कई भारतीय छात्र आज दोनों देशों की मित्रता के दूत बने हुए हैं। एजेंसी का लक्ष्य इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी के छात्रों को रूस में पढ़ाई का अवसर देना है। एजेंसी रूस की कई प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी कर रही है और 2026 तक मुंबई और चेन्नई में नई शाखाएँ खोलने की योजना है। इस वर्ष एजेंसी 10,000 से अधिक भारतीय छात्रों को रूसी विश्वविद्यालयों में प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखती है।
एजेंसी रूसी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है। उद्घाटन के अवसर पर दिल्ली के स्कूलों में 'ब्रिज ऑफ फ्रेंडशिप: रशिया एंड इंडिया' शीर्षक से पहला इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 1,000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित