देहरादून , जनवरी 25 -- उत्तराखंड में रविवार को देहरादून स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेवानिवृत्ति ने बतौर मुख्य अतिथि भाग किया।

राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया और कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ भी दिलाई।

राज्यपाल ने निर्वाचन गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन, उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार, बागेश्वर के जिलाधिका आकांक्षा कोंडे को स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया।

इसके अलावा ईआरओ रुड़की, खटीमा और चकराता को प्री-एसआईआर के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने स्टेट आईकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलपिंयन मनीष रावत एवं नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर देहरादून जनपद के 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता पत्र देकर राज्यपाल ने सम्मानित किया। राज्यपाल ने कार्यक्रम मे मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति सजग, जागरूक और सक्रिय नागरिक होते हैं। भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मताधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है।

उन्होंने सभी से आह्वाहन किया कि हर निर्वाचन में अनिवार्य रूप से अपने मत का प्रयोग करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक मतदान करता है, तब भारत का लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम मेरा भारत-मेरा वोट यह संदेश देती है कि प्रत्येक वोट देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब कोई नागरिक मतदान करता है, तो वह केवल अपने लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए निर्णय करता है।

उन्होंने यह भी कहा लोकतंत्र की मजबूती नीतियों या संस्थाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूक भागीदारी से सुनिश्चित होती है।

राज्यपाल ने भारत निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आयोग पिछले सात दशकों से निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनावों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित