ऋषिकेश , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश देते हुए कहा कि आज का युवा मतदाता देश की तकदीर बदलने की ताकत रखता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सिर्फ खुद ही मतदाता न बनें, बल्कि अपने साथियों को भी मतदान के अधिकार से जोड़ें।
देहरादून रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय संख्या-1 (मतदान केंद्र संख्या-12) में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने उपस्थित कर्मचारियों, शिक्षकों और नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब हर योग्य नागरिक बिना किसी डर और लालच के मतदान करे।
सुश्री अनिता ममगाईं ने नए मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा वर्ग में देशभक्ति की भावना और जिम्मेदारी का बोध ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्य है, जिसे निभाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित