अंबिकापुर , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बालिका दिवस के अवसर पर आज यहां राजमोहनी भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में 'मेधावी बिटिया सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में सरगुजा जिले की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सैकड़ों की संख्या में छात्राओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा, "यह समारोह समाज में बेटियों के योगदान को रेखांकित करता है। शिक्षित और सशक्त बेटियाँ ही एक मजबूत समाज का आधार हैं।" जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जे आर प्रधान ने कहा, "हमारा उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके लिए चलाई जा रही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुँचाना है।"कार्यक्रम में पुरस्कृत छात्रा भूमिका राजवाड़े ने कहा, "यह सम्मान हमारे परिश्रम को और बढ़ावा देगा। हमें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए और अधिक मेहनत करनी है।"इस दौरान बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित