रायपुर , मार्च 22 -- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 'अनंत्य 2026' मेगा तकनीकी महोत्सव का शुभारंभ जिला कलेक्टर एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी गौरव कुमार के मुख्य आतिथ्य में रविवार को हुआ। उद्घाटन समारोह में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में इनोवेशन काउंसिल की संकाय प्रभारी एवं समन्वयक डॉ. रम्या सेल्वराज ने स्वागत भाषण देते हुए 'अनंत्य 2026' को एक राष्ट्रीय मंच बताया, जो राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों को नवाचार और सहयोग के लिए एक साथ लाता है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव विभिन्न तकनीकी एवं उद्यमिता क्लबों का समन्वित संगम है।
संस्थान के कुलसचिव डॉ. एन. डी. लोंढे ने कहा कि 'अनंत्य' पहली बार सभी प्रमुख छात्र क्लबों के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है, जिससे यह मध्य भारत के बड़े तकनीकी आयोजनों में शामिल हो गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों को उद्योगोन्मुख समाधानों में परिवर्तित करना है।
प्रोफेसर डॉ. श्रीश वर्मा ने आयोजन टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं और उन्हें अपने विचारों को सार्थक परिणामों में बदलने का अवसर प्रदान करते हैं।
करियर डेवलपमेंट सेंटर के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेई ने आयोजन को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए इसे संस्थान का पहला मेगा तकनीकी महोत्सव और असीम अवसरों का उत्सव बताया।
मुख्य अतिथि गौरव कुमार ने विद्यार्थियों को चुनौतियों को स्वीकार करने और संघर्ष को सफलता की प्रक्रिया मानने की प्रेरणा दी। उन्होंने 'अनंत्य' को अनंत संभावनाओं का प्रतीक बताते हुए धैर्य, दृढ़ता और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन उद्यमिता प्रकोष्ठ के संकाय प्रभारी डॉ. आर. एन. पटेल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित