पाकुड़ , मार्च 11 -- झारखंड के पाकुड़ जिले के पाकुड़ प्रखंड के झीकरहुट्टी पूर्वी पंचायत को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए नामित किया है।
इसे लेकर झीकरहुट्टी पूर्वी पंचायत में चल रही गतिविधि, संचालित योजनाओं के निरीक्षण के साथ साथ महिला सशक्तिकरण को लेकर चल रहे कार्यों से लाभान्वित लाभुकों से केंद्रीय टीम में शामिल भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर मनिकनंदन केपी, एसओइपीआर के सलाहकार सम्पा बासु ने संवाद भी किया।
टीम में शामिल अधिकारियों ने परिसंपत्तियों का वितरण भी लाभुकों के बीच किया। केंद्रीय टीम ने सर्व प्रथम पंचायत सचिवालय परिसर में लगाये गये सूचना पट्ट का अवलोकन किया, जिसमें संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों के नाम तथा मोबाइल नंबर अंकित थे। इसके पश्चात टीम को प्रोजेक्ट प्राण, प्रोजेक्ट बदलाव, ग्राम पंचायत झिकरहटी पूर्वी का प्रोफाइल तथा इको-फ्रेंडली गतिविधियों से संबंधित वीडियो प्रस्तुतीकरण दिखाया गया, जिसे टीम ने सराहा। इसके उपरांत केंद्रीय टीम ने पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने हैंडवाश व्यवस्था, भष्मीकरण यंत्र, पंचायत का नक्शा, स्तनपान कक्ष, हेल्प डेस्क, मईया कक्ष, ज्ञान केंद्र, मुखिया कक्ष, जन औषधि केंद्र, वाटर फिल्टर, शौचालय, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक कक्ष, ऊर्जा कक्ष, रोजगार सेवक कक्ष तथा प्रज्ञा केंद्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। केंद्रीय दल ने पंचायत सचिवालय में उपलब्ध सुविधाओं, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं जनहित में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार की व्यवस्थाएं ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
टीम ने पंचायत द्वारा किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं पंचायत परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी केंद्रीय टीम एवं उपायुक्त द्वारा जायजा लिया गया। इस दौरान जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभायी गयी। केंद्रीय टीम एवं उपायुक्त ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र एवं कॉफी मग प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस सराहनीय कार्य की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर मनिकनंदन केपी ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभायी है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। एस.ओ.ई.पी.आर. सलाहकार संपा बासु ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास को गति देने का आह्वान किया। श्रीमती संपा बसु ने कहा कि पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर लोग अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग पंचायत से जुड़ें, योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रतिनिधियों और मुखिया के नेतृत्व में बेहतर प्रशासन और व्यवस्था के माध्यम से पंचायत को और अधिक सशक्त एवं विकसित बनाया जा सकता है।
पंचायत सचिव ने केंद्रीय टीम में शामिल अधिकारियों को पंचायत की खूबियों से अवगत कराया और बताया कि ग्राम पंचायत झिकरहटी पूर्वी में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखकर उन्हें अत्यंत खुशी होती है। उन्होंने बताया कि जब भी वे फील्ड विजिट पर जाते हैं, महिलाएं उनसे मिलकर अपनी समस्याएं साझा करती हैं और समाधान के लिए आगे आती हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस पंचायत में पदभार ग्रहण किया था, तभी मुखिया ने बताया था कि इस पंचायत की पहचान यहां की जागरूक और सक्रिय महिलाओं से है।
इसी भावना के साथ ग्राम सभा में महिलाओं के साथ बैठक कर पंचायत भवन में एक टोल-फ्री नंबर भी प्रदर्शित कराया गया, ताकि महिलाएं सीधे संपर्क कर अपनी समस्याएं बता सकें। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में महिलाओं की मांग पर पंचायत भवन के साथ-साथ चौक-चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी ग्राम पंचायत से की जाती है। अंत में उन्होंने कहा कि इस पंचायत में समय-समय पर जनहित कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं और महिलाओं की भागीदारी ही पंचायत के विकास की सबसे बड़ी ताकत है।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय टीम के अधिकारियों उपायुक्त एवं पंचायत की मुखिया द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति पत्र, साइकिल, मनरेगा अंतर्गत जॉब कार्ड सहित अन्य लाभुकों को सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही आजीविका सखी मंडलों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 68 सखी मंडलों के बीच 68 लाख रुपये तथा 52 सखी मंडलों के बीच 78 लाख रुपये की राशि का चेक वितरित की गई।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना के तहत परिसंपत्तियों का वितरण, किशोरी बालिकाओं के बीच स्वच्छता किट, लाभुकों को धोती-साड़ी, मच्छरदानी, बेबी किट सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सामग्रियों का वितरण कर उन्हें लाभान्वित किया। मौके पर सिविल सर्जन डा. सुरेंद्र मिश्रा, जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन सिंह, जेएसएलपीएस के डीपीएम प्रवीण मिश्रा, बीडीओ समीर अलफ्रेड मुर्मू, सीओ कुमार अरविंद वेदिया, परियोजना पदाधिकारी मोतीउर रहमान, डा. केके सिंह, डा. अमित कुमार, आरसेट्टी निदेशक के अलावे मुखिया नर्गिस सुलताना, पंचायत सचिव मो. मुस्काकिब आदि मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित